Tuesday, June 30, 2020

छोटी कथाओं की बड़ी बात 12





मंजर
चेतना भाटी

‘सुनिए, मुझे कविता पाठ के लिए आमंत्रित किया गया है.’ पतिदेव का मूड देखकर पत्नी ने धीरे से कहा.                                                                               ‘फालतू बातें मत करो. मेरे दोस्त आनेवाले हैं शाम को खाने पर.’ पतिदेव टाई की गाँठ लगाते हुए बीच में बोले.                                                                     शाम को पकौड़ियों के लिए बेसन घोलते वक्त पत्नी की आँखों में कवि सम्मलेन का मंजर घूम रहा था....अब श्री ये कविता पाठ कर रहे होंगे, अब सुश्री वे उठी होंगी...कि तभी आदेश मिला ‘ड्रिंक्स जल्दी सर्व की जाय ....और पत्नी के हाथ तेजी से चलने लगे. बाएँ हाथ से माथे का पसीना इस तरह पोंछा मानो सारे मंजर मिटा देना चाहती हो मस्तिष्क पटल से.

 पापी पेट

 चेतना भाटी


     मैली कुचैली , फटी कमीज उठा कर पापी पेट के नाम पर भीख माँगने का उपक्रम कर ही रह था कि शरमाकर ठिठक गया वह , जब सामने चलते टी वी पर नजर पड़ी । नाम मात्र को कपड़े पहने बाला उन्हें भी उठा कर अपना पेट दिखाते हुए नाच रही थी और पूरे स्क्रीन पर पेट ही पेट छाया हुआ था ।
     " टी वी के कारण पेट पल रहे हैं या पेट के कारण टी वी चल रहे है ? " - पेट पर हाथ धरे वह सोच रहा था ।





Thursday, June 18, 2020


छोटी कथाओं की बड़ी बात 11


डंडा

अनिल शूर आज़ाद


“आज फिर गलत लिखा! बेवकूफ कहीं का !चल बीस बार इसे अपनी कापी में लिख ...”              “नहीं लिखूँगा !” उसके स्वर की कठोरता देखकर मैं दंग रह गया.                                 मैंने पूछा, “क्यों नहीं लिखोगे ?”                                                         “पिताजी रोज दारू पीकर मारते हैं.कहते थे, अब एक महीना पूरा होने से पहले नयी कापी माँगी तो बहुत मारूँगा...” कहते हुए डंडा खाने के लिए हाथ आगे कर दिया.                                             मैं उसकी डबडबाई आँखों में झाँकता रहा. मेरा उठा हुआ हाथ जाने कब का नीचे ढरक गया था. 
    

विद्रोही

अनिल शूर आज़ाद

पार्क की बेंच पर बैठे एक सेठ, अपने पालतू 'टॉमी' को ब्रेड खिला रहे थे। पास ही गली का एक आवारा कुत्ता खड़ा दुम हिला रहा था।
वह खड़ा दुम हिलाता रहा, हिलाता रहा। पर..लम्बी प्रतीक्षा के बाद भी जब, कुछ मिलने की संभावना नहीं दिखी तो..एकाएक झपट्टा मारकर वह ब्रेड ले उड़ा। कयांउ-पयांउ करता टॉमी अपने मालिक के पीछे जा छिपा। सेठ अपनी उंगली थामे चिल्लाने लगा।
थोड़ी दूरी पर बैठे उसे, बहुत अच्छा लगा था यह सब देखना!